Welcome to CHATURDISHA TIMES   Click to listen highlighted text! Welcome to CHATURDISHA TIMES
दिल्ली NCR

दिल्ली की एयर क्वालिटी खराब, क्या लागू होंगे GRAP के प्रतिबंध? आया बड़ा अपडेट

GRAP Restrictions News: फिलहाल ग्रैप के पहले चरण को लागू करने की आवश्यकता नहीं है. अधिकारी ने बताया कि CAQM स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है.

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल ग्रैप के प्रतिबंध लागू नहीं होंगे. एयर क्वालिटी प्रबंधन आयोग (CAQM) ने शुक्रवार (3 अप्रैल) को दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी के खराब स्तर पर पहुंचने के बावजूद पाबंदियों को लागू नहीं करने का फैसला किया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी एक्यूआई बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली का दैनिक औसत एक्यूआई 200 के आंकड़े को पार कर गया और 266 (खराब श्रेणी में) दर्ज किया गया.

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘एयर क्वालिटी प्रबंधन आयोग की ग्रैप उप-समिति ने क्षेत्र में मौजूदा एयर क्वालिटी की समीक्षा करने के साथ-साथ भारत मौसमविज्ञान विभाग (आईएमडी) और भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) द्वारा उपलब्ध कराई गईं मौसम संबंधी स्थितियों और एक्यूआई के पूर्वानुमान की समीक्षा करने के लिए एक बैठक बुलाई.’’

धूल भरी आंधी के कारण एक्यूआई में बढ़ोतरी

उन्होंने बताया, ‘‘दिल्ली-एनसीआर की मौजूदा एयर क्वालिटी स्थिति और मौसम एवं मौसम विज्ञान संबंधी पूर्वानुमान की समीक्षा करते हुए आयोग ने पाया कि दिल्ली का एक्यूआई, जो कल 194 दर्ज किया गया था, आज सुबह धूल भरी आंधी के कारण शाम 4 बजे तक तेजी से बढ़कर 266 हो गया है.’’

आज रात और कल हल्की बारिश की संभावना

आयोग ने कहा कि मौसम या एक्यूआई पूर्वानुमान के मुताबिक आज रात और कल हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, साथ ही आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति अनुकूल रहने की उम्मीद है.

16 मार्च को हटा दिए गए थे सभी प्रतिबंध

अधिकारी ने कहा, ‘‘मौसम संबंधी स्थितियों और एयर क्वालिटी सूचकांक (एक्यूआई) के गतिशील मॉडल और पूर्वानुमानों से संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी ‘मध्यम’ श्रेणी में रहेगा. इसलिए समिति ने निर्णय लिया है कि फिलहाल ग्रैप के पहले चरण को लागू करने की आवश्यकता नहीं है. आयोग स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है और दिल्ली-एनसीआर की एयर क्वालिटी की स्थिति की समीक्षा करेगा.’’ एयर क्वालिटी में उल्लेखनीय सुधार के बाद 16 मार्च को ग्रैप के तहत दिल्ली-एनसीआर में लगाए गए सभी प्रतिबंध हटा दिए गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!